बिष्टुपुर में श्री श्याम दरबार प्रथम स्थापना वार्षिक उत्सव, भव्य श्याम निशान यात्रा निकाली गई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर में श्री श्याम दरबार के प्रथम स्थापना वार्षिक उत्सव के अवसर पर भव्य श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंदिर परिसर से निकली यह यात्रा बिष्टुपुर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
श्याम निशान यात्रा में रंग-बिरंगे निशान लेकर 5000 से अधिक महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। भक्तजन भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए और पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्य अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पुरानी श्याम बाबा मंदिर को नया स्वरूप दिया गया है और प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थापना वार्षिक उत्सव का समापन कल भव्य भजन संध्या के साथ किया जाएगा।

