शॉर्ट सर्किट से बैटरी फटी, घर में लगी आग
अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जलने का दावा
खोदावंदपुर,बेगूसराय। फफौत पंचायत के तारा गांव में गुरुवार की शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से बैटरी फटने के बाद एक घर में आग लग गयी. इस घटना में घर में रखे सामान जलकर नष्ट हो गये. पीड़ित गृहस्वामिनी तारा गांव निवासी सुरेश कुमार की पत्नी किरण देवी ने बताया कि अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. बताया जाता है कि एक अक्टूबर की शाम अचानक घर में आग लग गयी. बैटरी फटने के बाद आग तेजी से फैल गयी, जिससे घर में अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली. पुलिस घटना के कारणों की जांच-पड़ताल कर रही है.
