
धरती आबा के विचारों और आदर्शों से ही साकार होगा समृद्ध एवं खुशहाल झारखंड : अमरप्रीत सिंह काले
# काले ने कहा – भगवान बिरसा मुण्डा सदैव हमारे दिलों में बसे रहेंगे ।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रत्येक वर्ष की भांति “नमन परिवार” ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
जमशेदपुर : महान स्वतंत्रता सेनानी, जननायक एवं जनजातीय अस्मिता के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर नमन परिवार द्वारा संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में बिरसानगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने धरती आबा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ही नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता के अमर प्रतीक हैं। जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि धरती आबा का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। झारखंड की पहचान, स्वाभिमान और जनजातीय गौरव की रक्षा के लिए उनके विचार आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं।
काले ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा सपना है कि झारखंड वास्तव में भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बने। ऐसा झारखंड, जहां हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली हो, हर समाज और वर्ग को समान अवसर एवं सम्मान मिले, आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता सुदृढ़ हो तथा प्रदेश विकास, प्रगति और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे।
उन्होंने कहा कि धरती आबा के आदर्शों को केवल स्मरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण और सामाजिक दायित्वों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में बिपीन झा, राघवेंद्र शर्मा, राजू मारवाह, सुखविंदर सिंह निक्कू, रामकेवल मिश्रा, जसवंत सिंह भोमा, राजू सिंह, संदीप कुमार सिंह, डी मनी, सिमी कश्यप, सावित्री देवी, ममता पुष्टि, लख्खी कौर, संजू बनर्जी, कोमल ठाकुर, सरबजीत सिंह टोबी, दीपक सिंह, शेखर मुखी, रंजीत कुमार, मनु ढोके, जितेन्द्र सिंह, सतिंदर सिंह, मलकीत सिंह, शुरु पात्रों, कमलेश पाठक, लख्खिकांत घोष, आकाश गोप, बिट्टू मुखी, सौरव रजक, रामा राव, अनूज मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

