सास पर गर्म तेल डालने की आरोपित पतोहू गिरफ्तार
जख्मी वृद्धा का निजी क्लिनिक में चल रहा इलाज, हालत चिंताजनक
खोदावंदपुर,बेगूसराय। बाड़ा गांव में बीते 30 सितंबर की रात सोई अवस्था में अपनी सास के शरीर पर गर्म तेल डालने के आरोप में पुलिस ने पतोहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार महिला की पहचान बाड़ा पंचायत के वार्ड चार निवासी माया शंकर सहनी की 30 वर्षीया पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि रीता देवी पर अपनी 65 वर्षीय सास के शरीर पर सोई अवस्था में गर्म तेल डालने का आरोप है. घटना में वृद्धा गंभीर रूप से झुलस गयी. उनका इलाज बेगूसराय के एक निजी क्लिनिक में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी वृद्धा के बयान के आधार पर एक अक्टूबर को थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार की रात आरोपित महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इधर जख्मी वृद्धा के पति दिनेश प्रसाद सहनी ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू ने पिछले वर्ष भी सोई अवस्था में उनके और उनकी पत्नी प्रेमा देवी के शरीर पर गर्म तेल डाल दिया था. उस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे. उन्होंने बताया कि उस समय सामाजिक स्तर पर पंचायत के माध्यम से मामले में समझौता करा दिया गया था और पुलिस में शिकायत नहीं की गयी थी. दिनेश प्रसाद सहनी ने अपनी पुत्रवधू पर घर में मनमानी करने और समझाने पर उनके तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट एवं जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सास पर गर्म तेल डालने की आरोपित पतोहू गिरफ्तार
Previous Article*बखरी में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, एसडीएम ने कहा – भाईचारे के साथ मनाएं पर्व*
Next Article शॉर्ट सर्किट से बैटरी फटी, घर में लगी आग
