राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर संगोष्ठी और शिक्षक सम्मान समारोह 5 सितंबर को
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, गरम नाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के व्यावहारिक पहलुओं पर संगोष्ठी आयोजित होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सरयू राय करेंगे।

इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम और पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालयों के शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रेरणास्रोत के रूप में सम्मान दिया जाएगा। संगोष्ठी में तीन शिक्षा विशेषज्ञ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभाव पर अपने आलेख प्रस्तुत करेंगे, जिन पर शिक्षकों की राय जानी जाएगी।

विधायक सरयू राय ने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के व्यावहारिक पहलुओं की स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है। झारखंड में पांच वर्षों में नीति को लागू करने की ठोस अवधारणा विकसित न होने से विद्यालयी शिक्षा प्रभावित हुई है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं की पूर्ति और विद्यार्थियों के परीक्षाफल को बेहतर बनाने की दिशा में जागरूकता लाना है। आयोजन स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में होगा।

