राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रो-रो रोड से एक और मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने एक बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर आंगन में खड़ी स्कूटी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, रो-रो रोड निवासी अभय सिंह के घर पर घटना के समय कोई मौजूद नहीं था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद आंगन में खड़ी स्कूटी लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब अभय सिंह घर लौटे और दरवाजा टूटा पाया। अंदर जांच करने पर स्कूटी गायब मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सिदगोड़ा थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

