स्वच्छता ही सेवा अभियान में जनभागीदारी, सार्वजनिक स्थलों की हुई सफाई
बरौनी-2 में पंचायत भवन व मंदिर की सफाई, गौरा-2 में मंदिर प्रांगण के साथ स्कूल में भी चला अभियान
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बरौनी-2 पंचायत में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पंचायत भवन, मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। मुखिया मौसम कुमारी के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मियों और ग्रामीणों ने अभियान में भाग लिया। सफाई के साथ लोगों को सार्वजनिक जगहों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।
मुखिया मौसम कुमारी ने कहा कि सेवा और समर्पण से जुड़ा यह अभियान अपने 25वें वर्ष में है। इसका उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में बदलाव लाकर स्वच्छता को नियमित आदत बनाना है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि देवराज सिंह, वार रूम कर्मी रामप्रवेश ठाकुर, पंचायत स्वच्छता पर्यवेक्षक रंजीत कुमार सहित स्वच्छता कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं, गौरा-2 पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक नीतीश कुमार की देखरेख में मंदिर प्रांगण की सफाई की गई। इसके अलावा स्कूल में बच्चों के बीच पेंटिंग और लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। बच्चों ने चित्र और लेखन के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश दिया। गतिविधियों के जरिए बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ विद्यालय, मंदिर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
दोनों पंचायतों में अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए साफ-सफाई को नियमित व्यवहार बनाने पर जोर दिया गया।


