जमनिया चाल धंसान मामला सरयू मॉनसून सत्र में उठाएंगे सवाल, पीएम और गृहमंत्री से भी मिलेंगे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमनिया चाल धंसान मामले को लेकर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने झारखंड विधानसभा में सवाल उठाने के लिए नोटिस दे दिया है। वे इस गंभीर प्रकरण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी मिलकर डोजियर सौंपने की बात कर रहे हैं।

सरयू राय का आरोप है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि लोगों को जानबूझकर ज़मीन में गाड़ने का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने घटनास्थल पर ताज़ा मिट्टी की परत डालने और उसे पत्थरों से ढकने की बात कही है। एनडीआरएफ की टीम को जरूरी उपकरण न मिल पाने पर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

राय ने कहा कि बीसीसीएल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, रंगदारी और कोक भट्ठों में अवैध कोयले की खपत खुलेआम हो रही है। आउटसोर्सिंग खदानों में मजदूरों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं, और शिकायतों पर धनबाद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।

विधायक सरयू राय ने मांग किया है कि बीसीसीएल अपनी बंद खदानों का माइनिंग क्लोजर करे,डीजी (माइंस सेफ्टी) माइनिंग क्लोजर पर स्थिति स्पष्ट करें,धनबाद में चल रहे कोक भट्ठों की जांच हो,मजदूरों की मजदूरी सीधे बैंक खातों में भेजी जाए के साथ-साथ बीसीसीएल, सीआईएसएफ और धनबाद प्रशासन की भूमिका की जांच हो और पुलिस विशेष शाखा की रिपोर्टें सार्वजनिक की जाएं सरयू राय ने कहा कि इस मामले को वे दबाया नहीं जाने देंगे और हर स्तर पर इसकी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए लड़ाई लड़ेंगे।


