राखा मोड़ बना अवैध शराब का अड्डा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राखा कॉपर क्षेत्र, विशेषकर राखा मोड़, इन दिनों अवैध शराब कारोबार का अड्डा बनता जा रहा है। सरकारी शराब दुकानें बंद होने के बावजूद छिपकर और खुलेआम महंगे दामों पर शराब बेची जा रही है।

स्थानीय जनरल दुकानों व ठेले खोमचे तक में शराब की बिक्री हो रही है, और घर-घर सप्लाई भी दी जा रही है। बिना लाइसेंस बिक्री झारखंड उत्पाद अधिनियम का उल्लंघन है, लेकिन पुलिस की सख्ती माफियाओं पर बेअसर दिख रही है। कुछ दिन पूर्व थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने छापेमारी कर दो लोगों को पकड़ा, परंतु आरोपियों ने इसे निजी उपयोग का बताकर बचाव किया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण और पुलिस सूचना तंत्र की कमजोरी के कारण यह अवैध धंधा वर्षों से जारी है। नकली शराब की बिक्री और बच्चों तक इसकी पहुंच ने सामाजिक तानेबाने को प्रभावित किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से एसडीओ व डीएसपी स्तर पर कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है। अब सवाल है: क्या प्रशासन जागेगा या माफियाओं की मौज जारी रहेगी?


