सरकार की नीतियों के विरोध में सामूहिक अवकाश पर गए राजस्व कर्मचारी
लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी, मांगें पूरी नहीं होने पर फिर हड़ताल पर जाने की बात कही
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। सरकार की नीतियों और लंबित मांगों के प्रति उदासीनता के विरोध में खोदावंदपुर प्रखंड के राजस्व कर्मचारी 9 अक्टूबर से सामूहिक अवकाश पर हैं. कर्मचारियों ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर 10 अक्टूबर तक सामूहिक अवकाश की सूचना दी है. सामूहिक अवकाश पर जाने की जानकारी देते हुए राजस्व कर्मचारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि सेवा संपुष्टि और ग्रेड पे सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर राजस्व कर्मचारियों ने पूर्व में भी हड़ताल की थी. उस समय सरकार की ओर से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था। हालांकि, कर्मचारियों के अनुसार, अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं की गयी है. मांगों के समाधान में देरी से राजस्व कर्मचारियों में नाराजगी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे.
