बारिश से 12 कट्ठे में कटी धान की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग
कर्ज लेकर की थी खेती, तैयार धान में पानी जमा होने से किसान की बढ़ी चिंता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। शनिवार की सुबह अचानक हुई तेज बारिश से खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में एक किसान की 12 कट्ठे में कटी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है. बारिश के कारण खेत में पानी जमा हो जाने से किसान की परेशानी बढ़ गयी है. पीड़ित किसान बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड आठ निवासी स्वर्गीय गुणेश्वर यादव के पुत्र श्रवण यादव हैं. पीड़ित किसान ने बताया कि उन्होंने सात अक्टूबर को मसुराज जाने वाली सड़क किनारे बीबीसी चिमन के समीप अपने खेत में धान की फसल काटी थी. कटाई के बाद धान को खेत में ही सुखाने का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच 10 अक्टूबर की सुबह अचानक तेज बारिश हो गयी. इससे खेत में पानी जमा हो गया और कटी हुई धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा. किसान ने पूरी फसल क्षतिग्रस्त होने की बात कही है. श्रवण यादव ने बताया कि उन्होंने महाजनों से कर्ज लेकर धान की खेती की थी. फसल तैयार होने के बाद उसे बेचकर कर्ज चुकाने की उम्मीद थी, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. अब उनके सामने कर्ज चुकाने की चिंता खड़ी हो गयी है. पीड़ित किसान ने फसल को हुए नुकसान की सूचना प्रखंड कृषि पदाधिकारी और किसान सलाहकार को दे दी है. उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से खेत का निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन करने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.
Breaking News Business Headlines कारोबार खबरें राज्य से पटना बिहार बेगूसराय मुंगेर मुजफ्फरपुर समस्तीपुर

