साकची गोलचक्कर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट चलाने वालों को पहनाया हेलमेट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को साकची गोलचक्कर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोककर हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत बिना हेलमेट पकड़े गए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करना था। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। हेलमेट पहनने से सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर में गंभीर चोट लगने का खतरा कम हो सकता है।

