राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा के धर्मडीह स्थित साईं मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय साईं महोत्सव बुधवार को भक्ति और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर साईं बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।महोत्सव की शुरुआत सुबह ककड़ आरती से हुई, जिसके बाद साईं चालीसा पाठ, रुद्राभिषेक और हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा। शाम 5 बजे मंदिर परिसर से साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा जादूगोड़ा बाजार होते हुए शिव मंदिर तक पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पालकी का स्वागत किया गया। कृष्ण मुरारी सेवा संस्थान के द्वारा सेवा शिविर लगाया गया।
पालकी यात्रा यूसीआईएल कॉलोनी से होते हुए कॉलोनी शिव मंदिर तक गई। सजे हुए घोड़े और आकर्षक रथ में साईं बाबा की पालकी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्त भजन-कीर्तन करते हुए झूमते-गाते यात्रा में शामिल हुए। महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ इस दौरान देखने को मिली। शिव शक्ति संघ मंदिर कमेटी के सचिव ददन पंडित द्वारा पालकी यात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन को लेकर साईं मंदिर कमेटी की तैयारी सराहनीय रही। मंदिर के संस्थापक संतोष प्रजापति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी साईं महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
साईं बाबा के जयकारा से गूंजउठाई क्षेत्र
वहीं, गुरुवार को गांधी मार्केट मैदान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जमशेदपुर के प्रसिद्ध साईं भजन गायक बबला अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही श्रद्धालुओं के बीच खीर-खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर संतोष प्रजापति ,अनीता प्रजापति,हरे गोविंद भगत ,सवित भगत ,पतित साव ,ओर मीनू साव सहित कई भक्त थे।

