जमशेदपुर में फिर चापड़बाजी: बीच सड़क हमला, दो नाबालिग घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ का है, जहां मंगलवार शाम सरेआम चापड़ से हमला कर दो नाबालिगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह झड़प हिंसक रूप ले गई। एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
जान बचाने के लिए भाग रहे किशोरों का हमलावरों ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें घेर लिया। इसके बाद उन पर ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरी चोट लगी है।
बीच सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाजार में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद को घटना की वजह मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
गौरतलब है कि शहर में लगातार चापड़बाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों के बीच चापड़ नया हथियार बनता जा रहा है। पुलिस द्वारा लगातार बरामदगी के बावजूद इस तरह की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

