नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों की समीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष व सुचारू चुनाव कराने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों के कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की।
बैठक में मानगो नगर निगम के व्यय प्रेक्षक स्वामीनाथन, सामान्य प्रेक्षक जितेन्द्र कुमार देव, जुगसलाई नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक राजेश कुमार साह, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद सहित सभी कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया। कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल इंट्री और रेंडमाइजेशन सुनिश्चित करने, चुनाव कार्य से मुक्त आवेदन के निष्पादन हेतु मेडिकल बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए गए।
व्यय प्रेक्षक कोषांग को प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय लेखा संधारण की निगरानी, सामग्री कोषांग को आवश्यक चुनावी सामग्री की उपलब्धता व मतदान/मतगणना स्थलों का भौतिक सत्यापन, तथा परिवहन कोषांग को वीएमएस पोर्टल पर वाहनों के समुचित प्रबंधन के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही शस्त्र जमा कराने, चुनाव प्रचार हेतु सिंगल विंडो से अनुमति, उड़नदस्ता टीम को सक्रिय रखने, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, पोलिंग पार्टी के लिए निर्बाध बिजली व भोजन की व्यवस्था तथा मतदान से 12 दिन पूर्व मतदाता पर्ची घर-घर वितरण कराने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है और सभी कोषांग आपसी समन्वय व टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

