जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: भारत की जनगणना 2027 के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, चार्ज एवं अपर चार्ज अधिकारियों के साथ विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सुपरवाइजर सर्किल गठन, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के चयन और प्रशिक्षण, स्व-गणना की तैयारी, सीएमएमएस पोर्टल पर कार्य निष्पादन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
बताया गया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण चार्ज स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
आगामी 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना की सुविधा एक विशेष वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इसको लेकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रत्येक दिन का कार्ययोजना तैयार करने, गतिविधियों का दस्तावेजीकरण करने तथा जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

