पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए जिला व प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन किया है। इसके तहत विभिन्न अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए उनके संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि आम लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक पेयजल से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नलकूपों की खराबी, जल आपूर्ति में बाधा या अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अभियंताओं से सीधे संपर्क करने की व्यवस्था की गई है।
जिले के सभी प्रखंडों में कनीय अभियंताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं प्रमंडल स्तर पर भी सहायक अभियंताओं को निगरानी और समाधान के लिए तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त पीएचईडी के टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गर्मी के इस दौर में पेयजल की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या का त्वरित निवारण सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।

