उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक, पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लेकर नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जेवीबीएनएल (JBVNL) के विद्युत अभियंता और अनुबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। बैठक में विस्तार से योजना की उपयोगिता और क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने स्पष्ट कहा कि यह योजना न केवल आम नागरिकों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएगी, बल्कि उन्हें अपनी छतों पर सौर ऊर्जा का उत्पादन कर घरेलू बिजली खर्च कम करने और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करने का अवसर भी देगी। सरकार द्वारा सोलर पैनल लगाने के लिए 60 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है, जिसके अंतर्गत 1 किलोवॉट पर 30 हजार, 2 किलोवॉट पर 60 हजार और 3 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी सुनिश्चित की गई है।
कृष्ण कुमार ने कहा कि योजना से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी, स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का प्रसार होगा और 2030 तक भारत के 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य को गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्यान्वयन पूरी तरह पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। नगर निगम की ओर से स्थानीय स्तर पर जागरूकता शिविर, वार्ड बैठकें और सहयोग केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस योजना से लाभान्वित हो सकें।

