खराब साइकिल वितरण पर उपायुक्त का त्वरित एक्शन, 10 छात्राओं को मिले नए साइकिल
राष्ट्र संवाद ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरण योजना के तहत दिए गए कुछ साइकिलों के खराब होने की शिकायत पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने त्वरित संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य समद एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमशेदपुर सदर श्री सुमित प्रकाश की दो सदस्यीय जांच टीम गठित की गई।
जांच के क्रम में पाया गया कि टाटा वर्कर्स यूनियन स्कूल, कदमा की 10 छात्राओं को ऐसे साइकिल मिले थे जो चलने योग्य स्थिति में नहीं थे। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद तुरंत खराब साइकिल को बदलकर छात्राओं को नए साइकिल उपलब्ध करा दिए गए।
साथ ही संबंधित संवेदक को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो और खराब साइकिल को तुरंत स्टॉक से हटाया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण साइकिल वितरण सुनिश्चित करना संवेदक और विभागीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। आगे इस तरह की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

