मानगो पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो थाना पुलिस ने पेशेवर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में जुम्मन, सैयद मोसिन उर्फ विक्की, कादिर खान और आयान उर्फ छोटी शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस के अनुसार, मानगो थाना कांड संख्या 240/2025 दिनांक 25.09.2025 के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम ने चोरी गई सात मोटरसाइकिल भी बरामद की है। जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोहबद्ध तरीके से काम करते थे और विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। इनमें मानगो, आजादनगर, कदमा, एमजीएम, साकची और विष्णुपुर थाना क्षेत्र के कई पुराने कांड शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

