जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर समीक्षा बैठक, जाम वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बुधवार को को धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था का आकलन करते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला परिवहन कार्यालय (DTO), ट्रैफिक पुलिस, जुस्को, बस एवं ट्रक एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित अन्य संबंधित विभागों और संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिकारियों ने शहर के तेजी से हो रहे विस्तार, बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण उत्पन्न हो रही ट्रैफिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
समीक्षा के दौरान एग्रीको चौक, स्ट्रेट माइल रोड, मानगो चौक, विभिन्न पुल क्षेत्रों तथा अन्य प्रमुख चोक प्वाइंट्स को चिन्हित कर वहां लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने इन स्थानों पर यातायात दबाव कम करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता जताई।
बैठक में ऑटो पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, आवश्यक स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू करने, ट्रैफिक सिग्नल और संकेतकों को बेहतर बनाने तथा यातायात संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी चर्चा हुई। विभिन्न विभागों और संगठनों से प्राप्त सुझावों के आधार पर एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए सभी संबंधित विभागों की सहभागिता आवश्यक है। बैठक में लिए गए सुझावों और निर्णयों को चरणबद्ध तरीके से लागू कर शहरवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

