अबुआ मित्र’ व्हाट्सऐप चैटबोट से आसान होगा जन शिकायतों का समाधान 15 सितंबर को उपायुक्त राजीव रंजन करेंगे सेवा का शुभारंभ, जारी होगा व्हाट्सऐप नंबर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 12 सितंबर। जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह निराकरण के लिए जिला प्रशासन ‘अबुआ मित्र’ व्हाट्सऐप आधारित चैटबोट सेवा शुरू करने जा रहा है। उपायुक्त राजीव रंजन 15 सितंबर को समाहरणालय में इसका शुभारंभ करेंगे और व्हाट्सऐप नंबर जारी किया जाएगा।
नागरिक अपने मोबाइल से व्हाट्सऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकेंगे और जरूरत के अनुसार संबंधित दस्तावेज भी भेज सकेंगे। शिकायतें जन सहायता JSR पोर्टल से जुड़कर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए भेजी जाएंगी। शिकायत की प्रगति और निवारण की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों के लिए उपयोगी होगी। इससे कार्यालयों के चक्कर कम होंगे तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी।

