रामनवमी को लेकर जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने की विशेष बैठक, भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 25 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जामताड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखाड़ा समिति के सदस्यों के साथ प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूसों के सुचारु संचालन तथा आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी आयोजन निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के तहत ही संपन्न होंगे।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि वे रामनवमी को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जामताड़ा पुलिस ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

