रामनवमी को लेकर जामताड़ा में फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: रामनवमी 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस की संयुक्त पहल के तहत शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च जिला नियंत्रण कक्ष से शुरू होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, जामताड़ा बाजार, इंदिरा चौक, बस स्टैंड होते हुए यज्ञ मैदान तक गया।
फ्लैग मार्च में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ सशस्त्र बलों की मौजूदगी रही। इसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने जिलेवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोग भयमुक्त वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें।

