रजिस्ट्री ऑफिस जाने के दौरान रास्ते में गिरा मूल केवाला, परिजन परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही/बेगूसराय। मंझौल रजिस्ट्री कार्यालय जाने के दौरान रास्ते में एक युवक का जमीन का मूल केवाला गिर गया। काफी खोजबीन के बावजूद केवाला नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। इस संबंध में पीड़ित युवक ने छौड़ाही थाना में आवेदन देकर केवाला की तलाश में सहयोग की गुहार लगाई है। पीड़ित की पहचान छौड़ाही थाना क्षेत्र के बड़ी जाना गांव के वार्ड- 09 निवासी गौड़ी शंकर यादव के पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है।थाना में दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि गत 3 सितंबर को वह अपने घर से मूल केवाला लेकर मंझौल रजिस्ट्री कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में झोला फट जाने से उसमें रखा जमीन का मूल केवाला कहीं गिर गया। अरुण कुमार के अनुसार, उक्त केवाला वर्ष 1980 का है, जिसका केवाला संख्या- 3290 है। इसमें खाता संख्या- 224 एवं 237 तथा खेसरा संख्या- 373, 374 और 375 दर्ज है। केवाला गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने रास्ते में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने पुलिस से मामले में आवश्यक सहयोग की अपील की है।
