छौड़ाही प्रखंड कार्यालय में नेकी की दीवार से दो गरीब युवकों को मिली मदद।स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत टी-शर्ट देकर किया सम्मानित।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही/बेगूसराय
छौड़ाही।लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को छौड़ाही प्रखंड कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर ‘नेकी की दीवार’कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दो गरीब युवकों को टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।मौके पर उपस्थित पैक्स अध्यक्ष की ओर से दोनों युवकों को दो-दो सौ रुपये की नगद सहयोग राशि भी दी गयी।कार्यक्रम में अंचल अधिकारी चन्द्रप्रकाश पाण्डे,विकास कुमार,राजस्व अधिकारी प्रकाश कुमार,प्रखंड समन्वयक,प्रखंड एवं अंचल के प्रधान सहायक सहित विभिन्न कार्यालयों के कर्मी मौजूद थे।अधिकारियों एवं कर्मियों ने ‘नेकी की दीवार’ की पहल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की अपील की।
छौड़ाही प्रखंड कार्यालय के बाईं ओर ‘नेकी की दीवार’ की व्यवस्था की गयी है।यहां लोग अपने घरों में उपयोग में नहीं आने वाले पुराने लेकिन उपयोग योग्य कपड़े,जूते,खिलौने एवं बैग जमा कर सकते हैं।जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार यहां से सामान ले सकते हैं।इसके लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में सूचना भी प्रदर्शित की गयी है।प्रखंड प्रशासन की ओर से शुरू की गयी इस पहल का उद्देश्य उपयोग में नहीं आने वाले सामान को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है।इससे एक ओर जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिलेगी, वहीं दूसरी ओर घरों में अनुपयोगी पड़े सामान का भी सदुपयोग हो सकेगा। बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि ‘नेकी की दीवार’ केवल सामान के आदान-प्रदान की व्यवस्था नहीं,बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।लोगों से अपील की गयी कि वे अपने घरों में रखे ऐसे कपड़े, जूते,खिलौने और बैग,जो उनके उपयोग में नहीं हैं लेकिन किसी जरूरतमंद के काम आ सकते हैं, उन्हें ‘नेकी की दीवार’ पर जमा करें।कार्यक्रम के दौरान दो जरूरतमंद युवकों को टी-शर्ट देने के साथ पैक्स अध्यक्ष द्वारा आर्थिक सहयोग दिए जाने से मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की।प्रखंड प्रशासन ने आम लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

