घाटशिला उपचुनाव में रघुवर दास विद्युत वरण महतो का रोड शो उमड़ा जनसैलाब
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के लिए मांगा समर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। घाटशिला उपचुनाव में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो जादूगोड़ा के सिदो–कान्हू चौक से नवरंग मार्केट और माटीगोड़ा से अटल गेट तक निकाला गया। इस दौरान भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही और विधायक अमित यादव भी मौजूद रहे।
सिदो–कान्हू चौक पर हुल क्रांति नायकों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुए रोड शो में भारी भीड़ और जनसमर्थन देखने को मिला। रघुवर दास और बाबूलाल सोरेन ने बाजार क्षेत्र के दुकानदारों से मुलाकात कर भाजपा के पक्ष में समर्थन और आशीर्वाद मांगा।
रोड शो के दौरान रघुवर दास ने झामुमो–कांग्रेस गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जनता निकम्मी और भ्रष्ट हेमंत सरकार से ऊब चुकी है और अब सबक सिखाने को तैयार है।” उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में न विकास हुआ, न रोजगार, बल्कि राज्य भ्रष्टाचार और माफियातंत्र के हवाले कर दिया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से 11 नवंबर को ईवीएम के क्रम संख्या 1 पर मतदान कर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाने की अपील की।

