‘रंग संगीत-चैप्टर 6’ में बिखरे साहित्य, संगीत और लोककला के रंग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रायपुर। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से श्री साईंनाथ फाउंडेशन द्वारा राजधानी रायपुर में ‘रंग संगीत-चैप्टर 6’ का आयोजन किया गया। साहित्य, संगीत, लोककला और छत्तीसगढ़ी संस्कृति से सजी सांस्कृतिक संध्या में प्रदेशभर से पहुंचे कलाकारों और साहित्यकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के पहले सत्र ‘हुनर के मंच’ में युवा कलाकारों ने कविता, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं ‘गीत त्रिवेणी’ में हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी गीतों का संगम देखने को मिला। कवयित्री सान्या राय, शायर मुरारी मंडल और गीतकार मिनेश कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
जांजगीर के लोक गायक निलेश जोगी और उनकी टीम ने छत्तीसगढ़ी लोकधुनों से माहौल को जीवंत कर दिया। समापन अवसर पर कलाकारों और साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

