यूसील संपदा विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल, कॉलोनी में गंदगी और बदहाल व्यवस्था से कॉलोनीवासी परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा:यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के संपदा विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में यूसील के सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति द्वारा अधिकारी प्रभास रंजन का तबादला तुम्लापाली कर दिया गया, फिर भी विभाग की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है।

कॉलोनी में फैली गंदगी, जाम नालियां, और मच्छरों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। डस्टबिन की सफाई नहीं होने से दुर्गंध और कीड़े-मकोड़े फैल रहे हैं। बरसात में जलजमाव की स्थिति से कॉलोनीवासियों के घरों में पानी घुस रहा है।

झाड़ियों से भरी कॉलोनी, फॉगिंग और डीडीटी छिड़काव का अभाव, स्कूलों में मच्छरों से बच्चे परेशान — साफ-सफाई के नाम पर हर साल करोड़ों खर्च के बावजूद हालात बदतर हैं। विभाग के अधिकारी दिलीप कुमार मंडल, जो पिछले 20 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं, पर बार-बार तबादले की मांग उठ चुकी है। बावजूद इसके, वरीय अधिकारियों के संरक्षण के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लोग सवाल कर रहे हैं कि जब प्रभास रंजन का तबादला हो सकता है तो दिलीप मंडल क्यों अजेय हैं? उनके कार्यकाल में 2 करोड़ की चारदीवारी के टूटने, सिविल कार्यों में अनियमितता सहित कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। अब देखना यह है कि यूसील प्रबंधन इस लचर व्यवस्था पर कोई ठोस कदम उठाता है या कॉलोनीवासियों की परेशानी यूं ही जारी रहेगी।



