देवानंद सिंह
6 जून 2025 को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ विमान हादसा देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक गहरा झटका साबित हुआ है। एयर इंडिया की उड़ान AI-272, बोइंग 787 रनवे पर उतरते वक्त असंतुलन का शिकार हो गई, जिसके चलते विमान दो हिस्सों में टूट गया। इस दुर्घटना में अब तक 267 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल गंभीर अवस्था में अस्पतालों में भर्ती हैं। हादसे के समय विमान में 242 यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे। राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, और जांच एजेंसियां इस हादसे के तकनीकी और मानवीय कारणों की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
हादसे की प्राथमिक जांच में विमान के पिछले हिस्से में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है, खासकर लैंडिंग गियर और फ्यूल कंट्रोल सिस्टम को लेकर, हालांकि अंतिम निष्कर्ष आने में हफ्तों या महीनों का समय लग सकता है, लेकिन यह सवाल अपनी जगह कायम है कि क्या बोइंग ड्रीमलाइनर की संरचना में कोई अंतर्निहित खामी है, या यह एक विशुद्ध रूप से ऑपरेशनल फेलियर था।
यह इसलिए भी अहम हो जाता है, क्योंकि बोइंग ड्रीमलाइनर श्रृंखला को उन्नत तकनीक, हल्के कंपोज़िट मटेरियल और लंबी दूरी की उड़ानों के लिए विश्वसनीय माना जाता रहा है, लेकिन विगत कुछ वर्षों में बोइंग कंपनी पर गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। अमेरिकी कांग्रेस के समक्ष एक इंजीनियर व्हिसलब्लोअर ने ड्रीमलाइनर सीरीज़ की कुछ निर्माण प्रक्रियाओं में गड़बड़ी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए थे, हालांकि कंपनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया, लेकिन अहमदाबाद हादसे के बाद इन आरोपों को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है।
इस हादसे का सबसे बड़ा असर बोइंग की साख पर पड़ा है। पहले से ही 737 MAX मॉडल को लेकर कंपनी कई देशों में प्रतिबंध, जांच और कानूनी कार्रवाइयों का सामना कर चुकी है। अब ड्रीमलाइनर जैसे प्रतिष्ठित मॉडल के साथ हादसा होना एक बड़ा झटका है। हादसे के अगले ही दिन कंपनी के शेयरों में 6.7% की गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों का मानना है कि यह गिरावट केवल एक आर्थिक झटका नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर कंपनी की विश्वसनीयता में सेंध की निशानी है। भारत जैसे उभरते विमानन बाजार में, जहां एयर इंडिया, इंडिगो और विस्तारा जैसी कंपनियां तेजी से अपने बेड़े का विस्तार कर रही हैं, ऐसे हादसे विदेशी कंपनियों के लिए चेतावनी हैं कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही दीर्घकालिक व्यावसायिक नुकसान में तब्दील हो सकती है।
भारत वर्तमान में विश्व का चौथा सबसे बड़ा विमानन बाजार बन चुका है। केंद्र सरकार की ‘उड़ान योजना’ के तहत देश के दूरस्थ क्षेत्रों को भी हवाई मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया गया है। पिछले एक दशक में भारतीय हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 159 हो चुकी है। अकेले अप्रैल 2025 में डोमेस्टिक एयर ट्रैवल में 10.2% की वृद्धि दर्ज की गई। पिछले वर्ष 17 नवंबर को भारत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की जब एक ही दिन में 5 लाख से अधिक घरेलू यात्रियों ने उड़ान भरी।
इस तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए एयर इंडिया ने 2023 में 470 विमानों की खरीद का रेकॉर्ड ऑर्डर दिया था, जिसमें बोइंग और एयरबस दोनों ही शामिल थे। वहीं, 2025 में एक नई डील की अटकलें थीं, जिसमें 200 अतिरिक्त विमानों की खरीद प्रस्तावित थी। अहमदाबाद हादसा इस प्रस्तावित विस्तार पर भी असर डाल सकता है, विशेषकर तब जब यह सवाल उठे कि क्या बोइंग अब भी भारतीय यात्रियों के लिए भरोसेमंद विकल्प है?
विमान हादसे सिर्फ तकनीकी या व्यावसायिक संकट नहीं होते, ये आम नागरिकों की जिंदगी, सुरक्षा और भरोसे से जुड़े होते हैं। अहमदाबाद हादसे के बाद यह जरूरी हो जाता है कि सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय सक्रियता से ऐसे उपाय करें जिससे जनता का विश्वास बहाल हो। भारत की विमानन निगरानी संस्था डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को चाहिए कि वह हादसे की निष्पक्ष जांच कराए और यदि कोई कंपनियां सुरक्षा मानकों की अनदेखी करती पाई जाएं तो उन पर कड़ी कार्रवाई हो। हाल के वर्षों में पायलट्स की थकान और स्टाफ की कमी की खबरें बार-बार सामने आती रही हैं। पायलट शेड्यूल, मेंटेनेंस टीम और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच समन्वय की समीक्षा अनिवार्य है।
यदि, किसी विमान में कोई तकनीकी दोष पाया गया हो और एयरलाइन ने उसे नजरअंदाज किया हो, तो उस पर न केवल जुर्माना लगाया जाए, बल्कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की बाध्यता भी तय हो।
इस हादसे ने यह भी उजागर किया कि किस प्रकार सामाजिक मीडिया और न्यूज़ चैनल्स हादसे के बाद अफवाह फैलाने और भावनात्मक अराजकता फैलाने का मंच बन जाते हैं। कुछ चैनलों ने दुर्घटनाग्रस्त शवों की तस्वीरें सार्वजनिक कीं, जो न केवल असंवेदनशील थी, बल्कि पीड़ित परिवारों के लिए और पीड़ादायक रहीं। मीडिया की भूमिका हादसों के वक्त सूचनात्मक और जिम्मेदार होनी चाहिए न कि सनसनीखेज। अहमदाबाद हादसे का असर केवल भारत तक सीमित नहीं रहेगा। अमेरिकी एविएशन रेगुलेटर FAA, यूरोपीय EASA और ICAO जैसे वैश्विक निकाय इस हादसे की रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे, विशेषकर इसलिए कि बोइंग ड्रीमलाइनर दुनियाभर में उड़ानें भरता है। यदि, जांच में कोई गंभीर संरचनात्मक खामी सामने आती है, तो बोइंग को न केवल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, बल्कि कंपनी के विमानों पर प्रतिबंध तक की संभावना बन सकती है।
पिछले कुछ वर्षों में बोइंग को 737 MAX संकट से उबरने में काफी समय लगा। ड्रीमलाइनर हादसे के बाद कंपनी को अब और पारदर्शिता और आत्मनिरीक्षण के साथ काम करना होगा। निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा ऑडिट के क्षेत्र में सुधार अनिवार्य हैं। कंपनी चाहे जितना भी इंकार करे, लेकिन यह सत्य है कि एक के बाद एक तकनीकी विवादों ने उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया है। भारत जैसे देश, जहां विमानन का बाजार अभी अपने विकास के शुरुआती दौर में है, वहां यात्रियों का विश्वास टूटना एक संपूर्ण क्षेत्र के विकास को बाधित कर सकता है।
कुल मिलाकर, अहमदाबाद विमान हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि भारतीय विमानन व्यवस्था, वैश्विक विमान निर्माता कंपनियों की जवाबदेही और नियामक संस्थाओं की निगरानी प्रणाली की गहन परीक्षा है। यह वक्त है जब सरकार, विमानन कंपनियां, तकनीकी विशेषज्ञ और आम नागरिक सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोहराई न जाए। एक विकसित और विश्वसनीय एविएशन प्रणाली न केवल आर्थिक उन्नति की प्रतीक होती है, बल्कि यह नागरिकों के भीतर राष्ट्र की संस्थाओं के प्रति भरोसे की भी नींव रखती है। हमें यह तय करना होगा कि हर उड़ान केवल गंतव्य तक पहुंचने का साधन न रहे, बल्कि वह हर नागरिक के जीवन का सुरक्षित, सम्मानजनक और भरोसेमंद अनुभव भी बने।

