उपायुक्त की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर समिति की बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आज स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की। इस दौरान प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के अंतर्गत जिले में लाभान्वित हो रहे बच्चों की संख्या तथा उन्हें प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजना के लिए चयनित लाभुकों का प्रस्ताव विभागीय दिशा-निर्देशों एवं मिशन वात्सल्य की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी जांच के बाद ही समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। साथ ही, योजना से जुड़े लाभुकों की नियमित फॉलोअप सूची उपलब्ध कराने और मार्च 2026 में लाभ प्राप्त करने वाले तथा योजना से हटाए गए लाभुकों की कारण सहित सूची प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में दस्तावेजों की जांच, चेकलिस्ट के अनुपालन और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि फोस्टर केयर और स्पॉन्सरशिप योजनाएं अनाथ एवं असहाय बच्चों के जीवन को संवारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन बच्चों को समाज पर बोझ नहीं, बल्कि राष्ट्र की धरोहर बनाना लक्ष्य होना चाहिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

