राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम की पोलिंग पार्टियों को विधिवत रवाना किया गया। निर्वाचन कार्य को लेकर परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना रहा और अधिकारियों की निगरानी में मतदान सामग्रियों का वितरण सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर मतदान सामग्रियों एवं मतपेटिकाओं के वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों को समय पर और सही तरीके से सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी स्तर पर व्यवधान उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री वितरण की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्वक संचालित होती रही और पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान संपन्न कराया जाएगा।

