राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में 26 फरवरी को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित एकदिवसीय दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राष्ट्रपति के आगमन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के उद्देश्य से शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर पहलू पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज बारीडीह क्षेत्र में सड़क किनारे संचालित दर्जनों अस्थायी दुकानों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। संबंधित दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए निर्देश भी दिए गए हैं। पूरे निर्धारित रूट की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान दो प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगी। पहला कार्यक्रम मरीन ड्राइव स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित शिलान्यास समारोह का है, जहां वे मंदिर परिसर के विकास से जुड़ी परियोजना का शिलान्यास करेंगी। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। दूसरा कार्यक्रम मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित किया जाएगा, जहां राष्ट्रपति छात्रों और शिक्षकों को संबोधित कर सकती हैं। कॉलेज परिसर में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं तथा प्रवेश को पास प्रणाली के तहत नियंत्रित किया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। ट्रैफिक रूट में आंशिक बदलाव की संभावना जताई जा रही है, जिसकी सूचना शीघ्र ही आम नागरिकों को दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।

