कोलकाता में राजनीतिक हिंसा: भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या, कई जगह उपद्रव
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मध्यग्राम इलाके की है, जहां करीब 4 राउंड फायरिंग की सूचना है। रथ की हत्या का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है।
राज्य में 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। पिछले 24 घंटों में 4 लोगों की हत्या की खबर है, जिनमें भाजपा और टीएमसी के 2-2 कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
वहीं, कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार रात भीड़ ने टीएमसी के पार्टी कार्यालय को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
इसके अलावा, नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनधेरी इलाके में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला किया गया। उपद्रवियों द्वारा की गई फायरिंग में पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है और प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

