दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: चतरा समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त रवि आनंद ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, आवश्यकतानुसार ड्रोन से निगरानी करने तथा जुलूसों में आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने और पूजा पंडालों के समीप खोया-पाया केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया। बैठक में विद्युत विभाग को खुले एवं ढीले तारों की मरम्मत तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर परिषद को साफ-सफाई, कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था करने के साथ अस्पतालों में एंटी-वेनम दवा उपलब्ध रखने को भी कहा गया। दीपावली को लेकर पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण करने और विक्रेताओं के लाइसेंस एवं सुरक्षा मानकों की जांच करने का निर्देश दिया गया। वहीं, छठ पर्व के मद्देनजर घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

