15 अक्टूबर से बदलेगी जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था, दुर्गापूजा में शहर में लागू होगी नो एंट्री
प्रमुख पूजा पंडालों के पास होगी बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे; श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई गई वाहन पार्किंग व्यवस्था
जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। 15 अक्टूबर से शहर में नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत शहर में नो एंट्री व्यवस्था प्रभावी रहेगी, ताकि पूजा के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़े पूजा पंडालों के नजदीक वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, महत्वपूर्ण पूजा पंडालों के आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी और जरूरत के अनुसार ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे।
नई व्यवस्था का उद्देश्य पूजा पंडालों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करना, जाम की स्थिति से बचना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। 15 अक्टूबर से लागू होने वाली इस व्यवस्था के मद्देनजर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।

