
काशीडीह दुर्गापूजा पंडाल का बाबूलाल मरांडी ने किया उद्घाटन, शांति और सद्भाव का दिया संदेश

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब दुर्गापूजा समिति, काशीडीह का उद्घाटन मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम 7 बजे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरम, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा दास, श्रीमती डीबी सुंदरम तथा टाटा स्टील सिक्योरिटी के चीफ ब्रिगेडियर जितेंद्र सिंह शेखावत उपस्थित रहे।
धर्म और अधर्म के अंतर का प्रतीक है दुर्गापूजा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रद्धालुओं से शांति, सद्भाव और उल्लास के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। मां दुर्गा, काली, सरस्वती और लक्ष्मी के स्वरूपों के माध्यम से शक्ति और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा मिलती है। वक्ताओं ने बच्चों को धार्मिक ग्रंथों और संस्कारों से जोड़ने पर भी जोर दिया।
सड़क निर्माण के लिए टाटा स्टील का जताया आभार
स्वागत भाषण में अभय सिंह ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए टाटा स्टील द्वारा बस्ती में सड़कों के निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य के लिए डीबी सुंदरम के प्रति आभार जताया। उन्होंने अगले वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय निर्माण की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया।

