नववर्ष को लेकर पुलिस का एंटी क्राइम अभियान सघन वाहन जांच व गश्ती, नशापान कर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल नववर्ष के आगमन को लेकर अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक एंटी क्राइम अभियान चलाया गया। चौका, चांडिल, कांड्रा, ईचागढ़ सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच और गश्ती अभियान के जरिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
नववर्ष पर चांडिल सुवर्णरेखा डैम, जायदा मंदिर, दालमा समेत अन्य पिकनिक स्थलों पर उमड़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा के नेतृत्व में विशेष सतर्कता बरती गई। रांची–जमशेदपुर मुख्य मार्ग सहित दूर-दराज क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती जिलों—पुरुलिया, रायरंगपुर, बारीपदा—के अलावा जमशेदपुर, घाटशिला, चाईबासा, सरायकेला, तमाड़, बुंडू और रांची की ओर पिकनिक जाने वाले मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहनों के कागजात, हेलमेट, शराब एवं मादक पदार्थों की विशेष रूप से जांच की गई।
चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी, फादलोगोंडा, कांडारबेड़ा, चिल्गु, भादुडीह सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित लाइन होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को नववर्ष के अवसर पर अनधिकृत रूप से देशी व अंग्रेजी शराब की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई, ताकि किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
वहीं चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने जमशेदपुर–रांची मुख्य मार्ग, कांड्रा मार्ग समेत अन्य प्रमुख सड़कों पर बाइक सवारों, चारपहिया व अन्य वाहनों की सघन जांच की।
इसके अलावा पुलिस ने पिकनिक स्पॉट पालना सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर गश्ती अभियान चलाया। वहां मौजूद लोगों को शराब और मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई तथा नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

