गोलमुरी में चापड़ से हमला कांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवक सरबजीत सिंह पर चापड़ से हुए हमले के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज हमले में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद जुनैव रजा उर्फ जुनैद (21 वर्ष), ओवैश अंसारी उर्फ उबैश (22 वर्ष) और सोहैल खान उर्फ सोहैल (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चापड़, चाकू, मोबाइल फोन, गांजा पीने का चिलम, ताश पत्ती, ताला कटर समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि 9 जनवरी को गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी लाइन नंबर 27 के पास सरबजीत सिंह पर 10 से 15 युवकों ने मिलकर चापड़ और बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित सरबजीत सिंह द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया और अंततः तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

