रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित तुरामडीह में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान सरायकेला जिले के दूधी गांव निवासी 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही उसकी मां चंपा सोरेन समेत अन्य परिजन जमशेदपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।
घटना को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह आत्महत्या, हत्या या दुर्घटना—इन तीनों में से क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची, इस बिंदु पर गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा निवासी एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह कुछ समय के लिए अपने मायके गई थी और हाल ही में जमशेदपुर आई थी। यहां वह करनडीह इलाके में अपनी सहेली निकिता के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि वह रोज सुबह घर से बाहर निकलती थी। गुरुवार को भी वह सुबह घर से निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलने पर उसकी सहेली निकिता मौके पर पहुंची और शव की पहचान की, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

