चोरी के पैसे के बंटवारे को लेकर दो युवकों की हत्या के मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने नोएडा से किया गिरफ्तार
सिमडेगा जिला के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्या कांड का परत दर परत राज खोलते हुए सिमडेगा पुलिस ने हत्या के मुख्य अभियुक्त को नोएडा से गिरफ्तार किया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने आज प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा निवासी कलीम खान एवं मो. नईम मियां उर्फ मानु का शव 25 जनवरी को पुलिस ने छुरिया पहाड़ी से बरामद किया था। इनके हत्या में शामिल दो अभियुक्तों को पुलिस पहले जेल भेज चुकी है। हत्या का मुख्य अभियुक्त दीपक मिंज फरार था। पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से फरार अभियुक्त दीपक को नोएडा से खोज निकाला और गिरफ्तार कर सिमडेगा लाई। एसपी ने बताए कि गिरफ्तार अभियुक्तों के बयान के अनुसार मृतक दोनों युवक और गिरफ्तार तीनों अभियुक्त मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। ये लोग ओडिसा में कई चोरी किए थे। हाल में इन लोगों ने सदर थाना क्षेत्र के ठाकुरटोली में एक घर से चोरी की थी। इसी चोरी के पैसे के बंटवारे को लेकर इनमें झड़प हुई थी। जिसके बाद ये लोग नईम और कलीम की रॉड से मारकर हत्या कर दिए और साक्ष्य छुपाने के लिए उनके शव को छुरिया पहाड़ी पर फेंक दिया था। लेकिन पुलिस घटना का उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल सभी अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेज दी।

