दुर्गा पूजा को लेकर टेल्को थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को टेल्को थाना में थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय प्रसाद उपस्थित रहे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सहायक निदेशक ने पूजा समितियों, शांति समिति और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था रखने तथा सामाजिक माध्यमों के दुरुपयोग पर नजर रखने की अपील की। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल थाना को देने को कहा गया।
बैठक में पूजा समितियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनके समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया। संचालन नंदलाल सिंह और धन्यवाद ज्ञापन रियाजुद्दीन खान ने किया। बैठक में कल्याणी शरण, पीके दास, आमिर अली अंसारी, पंकज कुमार सिंह, अजय सिंह, संजय तिवारी, सोहेल खान, अभय कुमार, अनूप सिंह, रतन सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

