जादूगोड़ा में खुले गड्ढे बने पूजा में हादसे का खतरा
*केबल बिछाने के लिए खोदे गड्ढे महीनों से खुले, पूजा कमेटियों ने कार्रवाई की मांग की*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
ईचड़ा ग्रिड से डिग्री मोड़ तक 33 हजार वोल्ट भूमिगत केबल बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढे दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन गए हैं। मंगलवार को जादूगोड़ा थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक में पूजा कमेटियों ने इस पर नाराजगी जताई और बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
कमेटी सदस्यों ने कहा कि नवरात्रि में मुख्य मार्ग से हजारों श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे गुजरेंगे। रात में भीड़ बढ़ने पर खुले गड्ढों से हादसे की आशंका है। उन्होंने पूजा से पहले सभी गड्ढों को भरकर सड़क समतल कराने की मांग की।
कमेटी के अनुसार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के सामने करीब तीन माह से बड़ा गड्ढा खुला है। अंधेरे में बाइक सवारों के गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। कई जगह केबल बिछाने के बाद मिट्टी की कुटाई नहीं की गई और पत्थर-मलबा छोड़ दिया गया है। कार्यस्थल पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर भी नहीं हैं।
कमेटी ने कार्य पूरा होने तक बैरिकेडिंग व रोशनी की व्यवस्था की मांग की। ज्ञापन देने वालों में मनोज प्रताप सिंह, अनिल अग्रवाल, अमित साव समेत अन्य सदस्य शामिल थे।

