ऑनलाइन सट्टेबाजी के करोड़ों के खेल का खुलासा, राहुल कुमार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
हजारीबाग। जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी और ठगी के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और कई सट्टेबाजी आईडी का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार राहुल कुमार अपने ममेरे भाई प्रिंस कुमार के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित करता था। दोनों लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर सट्टेबाजी से जोड़ते थे। जांच में हजारीबाग, रांची, रामगढ़ और चतरा तक फैले नेटवर्क की जानकारी मिली है।
मोबाइल जांच में करीब तीन से चार करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

