राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। भारी बारिश के कारण जर्जर हुए कोवाली–डुमरिया मुख्य मार्ग की मरम्मत का कार्य विधायक संजीव सरदार के निर्देश के बाद गुरुवार से शुरू कर दिया गया। जिला प्रशासन ने डुमरिया प्रखंड के केंदुआ पंचायत अंतर्गत सुशनीगड़िया गांव से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत शुरू की है। कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी है और उन्होंने विधायक के प्रति आभार जताया।
ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलने पर विधायक ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने बिना देरी किए काम शुरू किया।
वहीं, पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत कई सड़क योजनाएं रैयतों को जमीन का मुआवजा नहीं मिलने के कारण अटकी हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार जल्द ही ग्रामसभा के माध्यम से ग्राम प्रधान और रैयतों के साथ बैठक कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और सड़क समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय हैं। उन्हें उम्मीद है कि मुआवजा संबंधी अड़चन दूर होते ही अन्य स्वीकृत सड़कों का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

