8 अक्टूबर को चांडिल में आदिवासी समाज का धरना प्रदर्शन जनसंपर्क अभियान , गांव- गांव जुटे आदिवासी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। आगामी 8 अक्टूबर को चांडिल अनुमंडल कार्यालय परिसर में प्रस्तावित आदिवासी समाज के धरना-प्रदर्शन को लेकर तैयारी तेज हो गई है। इसको लेकर आदिवासी सामाजिक संगठनों ने गांव-गांव में जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया।
आदिवासी समाज ने चार सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसमें कुर्मी समाज को आदिवासी सूची में शामिल करने का विरोध, पेसा एक्ट 1996 लागू करने, पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र में नगर निगम कानून निरस्त करने तथा जनगणना में आदिवासी समाज के लिए अलग धर्म कॉलम की मांग शामिल है।
धरना की तैयारी को लेकर संगठन के प्रतिनिधि लगातार आदिवासी बहुल गांवों में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसी क्रम में लुपुंगडीह, गोरडीह, बांधडीह, डाहुबेरां, जुगीलैंग, कांदला समेत कई गांवों में अभियान चलाया गया। इसमें रविंदर सरदार, राधा सिंह सरदार, जयनाथ सिंह, विश्वनाथ मांझी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
