जमशेदपुर में ‘सर्वतंत्र’ की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:शहर में “सर्वतंत्र” की अवधारणा पर आधारित आधिकारिक वेबसाइट का भव्य समारोह के बीच लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रबुद्ध बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और शिक्षाविदों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सर्वतंत्र के संस्थापक तारानंद सिंह ने कहा कि “सर्वतंत्र” मानव समाज को मानसिक, सामाजिक और वैचारिक बंधनों से मुक्त करने का एक जनआंदोलन है, जो जागरूक, संगठित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का लक्ष्य रखता है। उन्होंने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से आम नागरिक संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा अपने सुझाव भी साझा कर सकेंगे।
कार्यक्रम में विनोद कुमार वर्मा (अध्यक्ष, नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति), हरभजन सिंह (उपाध्यक्ष), अरुण भगत (मिस्टर एशिया बॉडीबिल्डर), दत्ता राव एवं अशोक मिश्रा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने “सर्वतंत्र” की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

