नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों की समीक्षा, सभी कोषांगों को समयबद्ध कार्य के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि-व्यवस्था, आचार संहिता, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी, नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत सहित विभिन्न कोषांगों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। मतदान केंद्रों, वज्रगृह, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना केंद्र से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बताया गया कि मतपत्रों का विखंडीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। मतदान दलों के रेंडमाइजेशन, बूथ आवंटन, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर पदाधिकारियों की तैनाती, प्रशिक्षण एवं रूट चार्ट से संबंधित बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एफएसटी एवं एसएसटी को सक्रिय रखने तथा अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित करने पर बल दिया गया।
न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज पाथरचपड़ा में प्रस्तावित वज्रगृह, रिसीविंग सेंटर एवं मतगणना स्थल पर सीसीटीवी, मीडिया सेंटर, सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति सहित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी। यह बैठक जामताड़ा में आयोजित की गई।

