रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित जय प्रकाश उद्यान सड़क के बीचोंबीच स्थित बिजली का खतरनाक पोल आखिरकार हटा दिया गया। यह कार्रवाई पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद संभव हो सकी। बताया जाता है कि सड़क के बीच खड़े इस पोल के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने महीनों पहले ही बिजली विभाग को पत्र लिखकर पोल हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने मामले को उपायुक्त (डीसी) के संज्ञान में दिया, जिसके बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और आज पोल को हटाने का कार्य पूरा किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए नीतू शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि अब सड़क पर आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। लंबे इंतजार के बाद समस्या का समाधान होने से क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है।

