हरमू में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख, भाजपा ने की गिरफ्तारी की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आदमकद प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने की घटना पर झारखंड भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए समर्पित राष्ट्रीय व्यक्तित्व थे।
उन्होंने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही घटना के पीछे किसी साजिश की भी जांच करने को कहा। प्रतुल शाहदेव ने चेतावनी दी कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला विचारों से होना चाहिए, ऐसी घटनाओं से नहीं।

